ट्रैफिक पुलिस ने की कार्रवाई, नो पार्किंग में खड़े गाडियों पर लगाया लॉक

कोरबा 04 फरवरी। जिले में 37वें सडक सुरक्षा जागरूकता माह के दौरान लगातार चलाए गए अभियान से यातायात व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला है। बावजूद इसके कुछ वाहन चालक अब भी ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते नजर आ रहे हैं। ऐसे मामलों में ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कई भारी वाहनों को लॉक कर चालकों पर पेनल्टी लगाई।

यह कार्रवाई शहर के प्रमुख और व्यस्त इलाके सर्वमंगला चौक, हसदेव कैनाल जोड़ा पुल, राताखार तथा दारी रूमगरा क्षेत्र के ध्यानचंद चौक के आसपास की गई। इन स्थानों पर भारी वाहनों को नो पार्किंग जोन में मनमाने तरीके से खड़ा कर दिया गया था, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सूचना मिलने पर ट्रैफिक पुलिस की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत करते हुए सडक किनारे खड़े वाहनों को हटवाया और यातायात को सुचारू कराया। नियम तोडने वाले वाहन चालकों के खिलाफ लॉक लगाने की कार्रवाई करते हुए जुर्माना भी वसूला गया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर, डीएसपी ट्रैफिक डीके सिंह के मार्गदर्शन तथा निरीक्षक तेज यादव के नेतृत्व में की गई।

इस अभियान में ट्रैफिक पुलिस टीम के मनोज राठौर, रामनारायण, ईश्वर लहरे सहित हेड कांस्टेबल और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

मजदूरी से ‘मशरूम दीदी’ तक का सफर : बालको की उन्नति परियोजना ने गंगोत्री विश्वकर्मा की जिंदगी को दी नई उड़ान

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की …