यातायात पुलिस ने चलाया विशेष अभियानः नया बस स्टैंड में जाम से राहत दिलाने की कार्रवाई

कोरबा 05 फरवरी। जिले के नया बस स्टैंड में गुरुवार को कोरबा यातायात पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। लगातार लग रहे जाम और अव्यवस्थित वाहनों के कारण यात्रियों एवं आम नागरिकों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।

यातायात पुलिस ने बस स्टैंड परिसर में खड़ी सभी यात्री बसों को निर्धारित स्थान पर एक लाइन में व्यवस्थित रूप से खड़ा कराया, ताकि आवागमन बाधित न हो और जाम की स्थिति से राहत मिल सके। बस चालकों और परिचालकों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे केवल तय स्टॉपेज पर ही बस खड़ी करें और सड़क पर मनमर्जी से वाहन न रोकें।

अभियान के दौरान ऑटो चालकों को भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। उन्हें बस स्टैंड परिसर में अव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा न करने, सवारी चढ़ाने-उतारने के लिए निर्धारित स्थान का ही उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया। नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी यातायात पुलिस के एएसआई मनोज राठौर द्वारा की गई। उन्होंने मौके पर मौजूद रहकर बस एवं ऑटो चालकों को समझाइश दी और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।

यातायात पुलिस ने बताया कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी, ताकि नया बस स्टैंड क्षेत्र में जाम की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।

Check Also

मजदूरी से ‘मशरूम दीदी’ तक का सफर : बालको की उन्नति परियोजना ने गंगोत्री विश्वकर्मा की जिंदगी को दी नई उड़ान

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की …