
कोरबा 05 फरवरी। जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में पेशाब के लिए रुके एक युवक की बाइक चोरी का मामला सामने आया है। हालांकि पीड़ित की सतर्कता, ग्रामीणों और परिजनों की मदद से चोर को पीछा कर पकड़ लिया गया। आरोपी के पास से चोरी की बाइक, एक धारदार चाकू और अलग-अलग वाहनों की 14 चाबियां बरामद की गई हैं। यह घटना पश्चिम बांकीमोंगरा क्षेत्र के शुक्लाखार की है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक गेवरा खदान में काम करता है और दोपहर करीब 3.30 बजे अपने दोपहिया वाहन से घर लौट रहा था। तेंदुकोना मोहल्ला पुल के पास देवरी रोड पर वह पेशाब के लिए रुका और जल्दबाजी में बाइक की चाबी निकालना भूल गया। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और बांकीमोंगरा जाने का रास्ता पूछने लगे। पीड़ित जैसे ही कुछ कदम आगे बढ़ा, उनमें से एक युवक ने उसकी बाइक स्टार्ट की और मौके से फरार हो गया।
पीड़ित ने तत्काल चांदनी चौक में रहने वाले अपने चाचा को फोन कर घटना की जानकारी दी और चोर को रोकने को कहा। जब चोर चांदनी चौक पहुंचा तो पीड़ित के चाचा ने उसे रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान चोर ने एक युवती को टक्कर मार दी और भागने की कोशिश करने लगा। इसके बाद पीड़ित के चाचा और स्थानीय ग्रामीणों ने चोर का पीछा किया और शुक्लाखार के पास उसे पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक, एक धारदार चाकू और 14 अलग-अलग वाहनों की चाबियां जब्त की हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गए थे, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि वह इससे पहले भी वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है या नहीं।
demo.sangamdigital.in