अवैध शराब बिक्री मामले में युवक की गिरफ्तारी, सदमे में मां की मौत

मानिकपुर में हंगामा.. निष्पक्ष जांच की मांग

कोरबा 11 फरवरी। मानिकपुर चौकी क्षेत्र में मंगलवार को हुई पुलिस कार्रवाई के बाद एक परिवार पर दुःखों का पहाड़ टूट पड़ा। शराब बेचने के आरोप में पुलिस द्वारा एक युवक को गिरफ्तार किए जाने के बाद उसकी मां की कथित तौर पर सदमे में मौत हो गई। घटना से पूरे मोहल्ले में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एसपी कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई।

जानकारी के अनुसार, मानिकपुर चौकी पुलिस ने अवैध शराब बिक्री की शिकायत मिलने पर एक युवक को हिरासत में लिया था। परिजनों का कहना है कि बेटे की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही उसकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे की गिरफ्तारी का सदमा वह सहन नहीं कर सकीं और उनकी मौत हो गई। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

घटना से नाराज मोहल्लेवासी एकजुट होकर एसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। लोगों का आरोप है कि कार्रवाई के दौरान पुलिस का रवैया काफी कठोर था, जिससे परिवार मानसिक रूप से टूट गया।

वहीं पुलिस सूत्रों का कहना है कि युवक के खिलाफ अवैध शराब बिक्री की शिकायतें लगातार मिल रही थीं और नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं।

Check Also

मजदूरी से ‘मशरूम दीदी’ तक का सफर : बालको की उन्नति परियोजना ने गंगोत्री विश्वकर्मा की जिंदगी को दी नई उड़ान

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की …