वाहन की टक्कर से भालू की मौत, उरगा-पत्थलगांव हाईवे पर सड़क पार करते समय हादसा

ड्राइवर फरार, ग्रामीणों ने की ओवरब्रिज की मांग

कोरबा। कोरबा के उरगा-पत्थलगांव नेशनल हाईवे पर एक जंगली भालू की वाहन की टक्कर से मौत हो गई। यह घटना रविवार रात सरदुकला के पास हुई, जब भालू सड़क पार कर रहा था। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 8 बजे सरदुकला के पास भालू सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान एक भारी वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही रेंजर मृत्युंजय शर्मा के नेतृत्व में वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक डॉ. अंकित शुक्ला मौके पर पहुंचे। पशु चिकित्सक ने जांच के बाद भालू को मृत घोषित कर दिया। सोमवार को भालू के शव को कोसाबाड़ी डिपो लाया गया, जहां डीएफओ प्रेमलता यादव और एसडीओ एसके सोनी की उपस्थिति में पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया।

ग्रामीणों ने बताया कि भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत हाईवे और धरमजयगढ़ रेलवे लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है। इस वजह से क्षेत्र में वन्यजीवों से संबंधित दुर्घटनाएं बढ़ गई हैं। ग्रामीणों ने सड़क के दोनों ओर प्रकाश की उचित व्यवस्था करने और वन्यजीवों के लिए सड़क पार करने के लिए ओवरब्रिज या अंडरब्रिज के निर्माण की मांग की है।

Check Also

मजदूरी से ‘मशरूम दीदी’ तक का सफर : बालको की उन्नति परियोजना ने गंगोत्री विश्वकर्मा की जिंदगी को दी नई उड़ान

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की …