
कोरबा 2 फरवरी। जिले के रविशंकर बस स्टॉप के पास स्थित मून बिरयानी सेंटर में देर रात करीब 12 बजे भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना स्थानीय निवासी रखील रवि ने तुरंत वार्ड पार्षद अब्दुल रहमान को दी, जिसके बाद वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
स्थानीय लोगों की तत्परता से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया। दमकल विभाग और 112 को सूचना देने से पहले ही लोग आग बुझाने में जुट गए। दुकान के अंदर रखे तीन भरे हुए गैस सिलेंडरों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पार्षद अब्दुल रहमान ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दुकान के ठीक बगल में ट्रांसफार्मर स्थित था, लेकिन स्थानीय लोगों ने समय रहते पावर सप्लाई बंद कर दी, जिससे आग और बड़ा नुकसान होने से बच गई।
दुकान संचालक नीरा सिंह ने बताया कि पिछले कुछ वर्षों से दुकान में चिकन बिरयानी का संचालन हो रहा है। आग की वजह से दुकान का सामान, फ्रिज और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई और दुकान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ। राहत की बात यह रही कि आगजनी में कोई जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आग पूरी तरह काबू में है और स्थिति सामान्य बताई जा रही है। घटनास्थल पर अधिकारी आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।
demo.sangamdigital.in