कोरबा में सनसनीखेज घटनाः युवती पर चाकू से हमला कर युवक ने की आत्महत्या, युवती की हालत गंभीर

कोरबा 04 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। प्रेमप्रसंग से जुड़ा मामला उरगा थाना क्षेत्र का है। बिलासपुर से भागकर कोरबा पहुंचे एक युवक ने पहले युवती के गले पर चाकू से हमला किया और इसके बाद स्वयं का गला काटकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रूप से घायल युवती ने साहस दिखाते हुए 112 और स्वजन को वीडियो कॉल कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

मंगलवार की रात करीब 11. 30 बजे भारतमाला रोड से लगे सन्डैल नाला के पास पुल के नीचे युवक और युवती खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। बिलासपुर निवासी शुभम नायडू (28 वर्ष) शादीशुदा था। युवती (22 वर्ष) कश्यप कॉलोनी सरकंडा, बिलासपुर की रहने वाली है। दोनों मंगलवार रात करीब नौ बजे से लापता थे।

दोनों बिलासपुर से सीधे भारतमाला रोड के रास्ते कोरबा पहुंचे थे। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल युवती ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर 112 पर कॉल की और स्वजन को वीडियो कॉल कर अपनी लोकेशन भेजी। लोकेशन के आधार पर 112 की टीम सबसे पहले मौके पर पहुंची और दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल, कोरबा लाया गया।

जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद युवक शुभम नायडू को मृत घोषित कर दिया। वहीं युवती की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उसे तत्काल बिलासपुर रेफर किया गया, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और युवती के बयान का इंतजार किया जा रहा है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई स्पष्ट हो सके।

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेमप्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। युवती के स्वजन कोरबा पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले चुके हैं। वहीं मृतक युवक के स्वजन को भी सूचना दे दी गई है, जिनके पहुंचने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Check Also

मजदूरी से ‘मशरूम दीदी’ तक का सफर : बालको की उन्नति परियोजना ने गंगोत्री विश्वकर्मा की जिंदगी को दी नई उड़ान

कोरबा। औद्योगिक नगरी कोरबा में वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की …